Wednesday, 28 November 2012

सितंबर में 36 फीसद बढ़ी ई-मेल निगरानी


नई दिल्ली। देश की विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों द्वारा ई-मेल की निगरानी में बढ़ोतरी की गई है। सितंबर 2012 के दौरान देश में ई-मेल की निगरानी में 36 फीसद इजाफा हुआ है। वहीं, फोन टेपिंग में मामूली कमी आई है। एक अधिकारी के मुताबिक अगस्त 2012 के आखिर तक 1,174 ई-मेल की निगरानी की जा रही थी, जो 30 सितंबर तक 1,601 हो गई।
इस दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने देश भर में 10,490 फोन टेप किए, जो अगस्त 2012 में 10,648 थे। गृह मंत्रालय द्वारा जारी फोन टेपिंग आदेशों को अनुमोदित करने वाली उच्चस्तरीय समिति ने इस दौरान आइबी के 1915, प्रवर्तन निदेशालय के 11 और राजस्व खुफिया निदेशालय के 492 नए आग्रहों पर विचार किया। भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम के तहत विभिन्न खुफिया एजेंसियां, पुलिस बल और सेना निगरानी के आदेश देती हैं। इनको कैबिनेट सचिव अजित सेठ, दूरसंचार सचिव आर. चंद्रशेखर और विधि सचिव बीए अग्रवाल की समिति अनुमोदित करती है। हाल में हुई समिति की बैठक में गृह मंत्रालय द्वारा पारित आइबी और सेना के 876 ई-मेल निगरानी आदेशों को अनुमोदित किया गया। सितंबर के दौरान 449 ई-मेल की निगरानी नहीं की गई। दो एजेंसियां पहले ही 725 ई-मेल की निगरानी कर रही हैं।

No comments:

Post a Comment