नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को औपचारिक तौर पर अपनी आम आदमी पार्टी की शुरुआत कर दी। इस अवसर केजरीवाल ने कहा कि अब नेताओं और उस आम आदमी के बीच सीधी लड़ाई होगी जो 65 साल पहले मिली आजादी के बाद से अपने हक के लिए लड़ रहा है।
राजनीति में अपने तजुर्बे के बाबत केजरीवाल ने कहा, यकीनन मेरे पास न तो भ्रष्टाचार का कोई अनुभव है और न ही नेताओं जैसा आपराधिक इतिहास है। मैं चाहता भी नहीं कि मुझे ऐसा कोई तजुर्बा हो।
संसद मार्ग पर अच्छी-खासी तादाद में एकत्रित हुए लोगों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि नई पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम का नतीजा है। भारत माता की जय के नारे लगा रहे लोगों से केजरीवाल ने कहा कि हमने इस पार्टी का नाम आम आदमी पार्टी रखते हुए उम्मीद करता हूं कि आपका भरपूर समर्थन इसको मिलेगा।
पार्टी की औपचारिक शुरुआत से पहले केजरीवाल और उनके कुछ समर्थक पहले राजघाट और फिर सिविल लाइंस इलाके में स्थित बी आर अंबेडकर मेमोरियल गए। आम आदमी पार्टी की शुरुआत के लिए 26 नवंबर की तारीख चुनी गई, क्योंकि साल 1949 में इसी दिन देश संविधान स्वीकार किया गया था।
इस मौके पर केजरीवाल और अन्य लोगों ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड [एनएसजी] के उन सभी कमाडो को भावभीनी श्रद्धाजलि दी, जिन्होंने मुंबई पर किए गए हमले में आतंकवादियों का डटकर मुकाबला किया था।
भारतीय राजस्व सेवा के पूर्व अधिकारी केजरीवाल ने कहा, बढ़ते भ्रष्टाचार के कारण महंगाई में इजाफा हो रहा है और यदि भ्रष्टाचार पर काबू पाया जा सका तो कीमतों में बढ़ोतरी पर नियंत्रण के साथ काफी कुछ किया जा सकता है।
No comments:
Post a Comment