नई दिल्ली। कोयला घोटाले से जुड़ी रिपोर्ट नहीं प्रसारित करने के लिए कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल से 100 करोड़ रुपये मांगने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को जी न्यूज चैनल के दो वरिष्ठ पत्रकारों को गिरफ्तार किया है। नवीन जिंदल की कंपनी ने पत्रकारों के खिलाफ जबरन वसूली के आरोप में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके 45 दिनों बाद यह कार्रवाई हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जी न्यूज के प्रमुख सुधीर चौधरी और जी बिजनेस के प्रमुख समीर अहलूवालिया को गिरफ्तार किया गया है।
नवीन जिंदल ने पिछले महीने एक सीडी जारी की थी, जिसमें कथित तौर पर जी न्यूज के पत्रकार जिंदल ग्रुप के अधिकारियों से यह सौदा करने की कोशिश कर रहे थे कि रुपये देने पर उनका चैनल जिंदल ग्रुप के बारे में नकारात्मक स्टोरी प्रसारित नहीं करेगा।
सुधीर चौधरी ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि यह आरोप साजिशन लगाया जा रहा है। यह दबाव बनाने की रणनीति है ताकि चैनल को इस तरह की रिपोर्ट प्रसारित करने से रोका जा सके। चौधरी का कहना है कि सरकारी दस्तावेजों केआधार पर कोयला घोटाले से संबंधित हमने ऐसी रिपोर्ट की सीरीज चलाई थी। यह हमारे भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान पर प्रतिक्रिया है।
जिंदल ने दावा किया था कि जी न्यूज के अधिकारियों ने पहले चार साल तक रिपोर्ट न दिखाने के लिए 20 करोड़ रुपये मांगे थे, बाद में उन्होंने इसे बढ़ाकर 100 करोड़ कर दिया। गौरतलब है कि कोयला घोटाले से संबंधित कैग की रिपोर्ट लाभ लेने वाली कंपनियों में जिंदल ग्रुप का भी नाम है।
No comments:
Post a Comment