श्रीनगर [जागरण ब्यूरो]। श्रीनगर-बारमूला राजमार्ग पर स्थित बेमिना के सीआरपीएफ कैंप में बुधवार तड़के आतंकियों के हमले में एक जवान शहीद हो गया। आतंकी बच निकलने में कामयाब रहे। उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस और सीआरपीएफ के एक संयुक्त कार्यबल ने तलाशी अभियान चला रखा है। फिलहाल, किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
बेमिना बाइपास पर ही सीआरपीएफ की 73वीं वाहिनी की ई-कंपनी तैनात है। सीआरपीएफ के प्रवक्ता सुधीर कुमार ने बताया कि तड़के करीब तीन बजे आतंकियों ने अंधेरे का लाभ उठाते हुए कंपनी के शिविर में दाखिल होने का प्रयास किया। शिविर के पास कुछ संदिग्ध हरकत देख संतरी की ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल परवीन सिंह राजपूत पुत्र मान सिंह निवासी मध्य प्रदेश अपने मोर्चे से बाहर निकला। इससे पहले कि वह अन्य साथियों को सचेत करता, आतंकियों ने उस पर फायरिंग कर दी। उसने भी जवाबी फायर किया, लेकिन तब तक उसे एक गोली लग चुकी थी। गोलियों की आवाज से पूरे शिविर में जवान सतर्क हो गए और आतंकियों पर जवाबी फायर शुरू कर दी। करीब 15-20 मिनट तक दोनों तरफ से गोलीबारी होती रही। इसके बाद आतंकी भाग गए। घायल परवीन कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। शहीद जवान का शव पूरे राजकीय सम्मान के साथ उसके घर भेज दिया गया है।
पाक ने तीसरे दिन भी दागे रॉकेट-मोर्टार
पुंछ [जागरण संवाददाता]। पाकिस्तान अपनी आदत से बाज आने वाला नहीं है। पाकिस्तानी सेना रविवार से सीमा पर लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रही है। उसने मंगलवार रात को भी कृष्णा घाटी सेक्टर की छह चौकियों पर जमकर गोलीबारी की। गोलीबारी के पीछे पाकिस्तान की मंशा भारतीय सीमा आतंकी घुसपैठ करवाने की है। भारतीय जवानों की मुस्तैदी के कारण उसका यह प्रयास सफल नहीं हो पा रहा है।
हालांकि, इस गोलीबारी में कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। रविवार रात को पाकिस्तानी सेना ने एक साथ दस भारतीय चौकियों पर भारी गोलाबारी की थी। इसके बाद सोमवार रात को भी पांच चौकियों पर और अब मंगलवार को कृष्णा घाटी सेक्टर की छह चौकियों-क्रांति, क्रांति वन, रवि, छज्जा, मान व घोड़ा पर भारी गोलाबारी की। इस दौरान पाकिस्तान ने रॉकेट व मोर्टार भी दागे और एमएमजी व एलएमजी राइफल से फायरिंग की। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया है। पाकिस्तान बर्फबारी शुरू होने से पहले ज्यादा से ज्यादा घुसपैठ की कोशिश में है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
No comments:
Post a Comment